श्री भगवानदास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय में वार्षिकोत्सव के द्वितीय दिवस पर खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन

हरिद्वार : श्री भगवानदास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय, हरिद्वार में वार्षिकोत्सव के द्वितीय दिवस (16 मार्च 2026) का आयोजन अत्यन्त उत्साह एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

     द्वितीय दिवस पर खेल-प्रतियोगिताओं के अंतर्गत क्रिकेट, बैडमिंटन प्रतियोगिता तथा विभिन्न प्रकार की दौड़ प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसी के साथ-साथ बौद्धिक एवं यौगिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भाषण प्रतियोगिता तथा योगासन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपने ज्ञान, वक्तृत्व-कौशल तथा यौगिकदक्षता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा सराहा गया।

     महाविद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों के उत्साह और अनुशासन की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। वार्षिकोत्सव का समापन कल (17 मार्च 2026) को होगा, जिसके अंतर्गत आचार्य शंकर के विषय पर अखिल भारतीय संस्कृत शोध सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभर से विद्वान् एवं शोधार्थी प्रतिभाग करेंगे।

     इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं विभिन्न संस्कृत महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *